झारखंड आंदोलन के पुरोधा दिशोम गुरु को अविनाश देव ने दी अंतिम श्रद्धांजलि |Tribute to Dishom Guru Shibu Soren


पलामू।
झारखंड माटी कला बोर्ड के निवर्तमान सदस्य, संत मरियम विद्यालय के चेयरमैन सह युवा झामुमो नेता अविनाश देव ने झारखंड आंदोलन के प्रणेता दिशोम गुरु शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित की। मंगलवार को झारखंड विधानसभा परिसर में आयोजित राजकीय श्रद्धांजलि सभा में भाग लेते हुए उन्होंने कहा कि गुरुजी का जाना, केवल एक व्यक्ति की नहीं, एक युग की विदाई है। उनका सम्पूर्ण जीवन संघर्ष, सिद्धांत और सेवा का प्रतीक था।

अविनाश देव ने आगे कहा कि शोषित, पीड़ित, वंचित और आदिवासी अस्मिता की लड़ाई को जिस साहस और प्रतिबद्धता के साथ गुरुजी ने लड़ा, वह इतिहास में स्वर्णाक्षरों में लिखा जाएगा। झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक, आदिवासी चेतना के अग्रदूत, महाजनी प्रथा और सामाजिक शोषण के विरुद्ध छह दशक लंबा संघर्ष करने वाले दिशोम गुरु शिबू सोरेन ने 04 अगस्त 2025 को दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके निधन से संपूर्ण झारखंड में शोक की लहर दौड़ गई है।

एयर एंबुलेंस से उनके पार्थिव शरीर को रांची लाया गया, जहां लोकदर्शन के लिए आवास पर रखा गया। 05 अगस्त 2025 को झारखंड विधानसभा परिसर में अंतिम दर्शन हेतु उन्हें लाया गया। इस दौरान राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो, पूर्व मुख्यमंत्री, मंत्रीगण, सांसद, विधायक सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आमजनों ने पुष्पांजलि अर्पित कर अंतिम विदाई दी। झारखंड राज्य के निर्माता को अश्रुपूरित श्रद्धांजलि और आखिरी जोहार।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने