पृथ्वी से केवल लेना ही नहीं देना भी सीखें : पर्यावरण धर्म गुरु, कौशल किशोर

Dhananjay Tiwari
By -
0

प्रतिनिधि, पलामू :
हिन्डालको इंडस्ट्रीज लिमिटेड के कठौतिया ओपन कास्ट कोल माइंस की सीएसआर की ओर से  पृथ्वी दिवस पर सोमवार को  कजरी मध्य विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विश्व व्यापी पर्यावरण संरक्षण अभियान के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह पर्यावरण धर्मगुरु व वन राखी मूवमेंट के प्रणेता पर्यावरणविद कौशल किशोर जायसवाल, विशिष्ट अतिथि पाटन वन क्षेत्र के प्रभारी वनपाल राजु रजक, पंचायती राज पदाधिकारी मनोज मिश्रा ने भाग लिया। पर्यावरणविद ने कार्यक्रम का उद्घाटन पर्यावरण धर्म के प्रार्थना के साथ थाईलैंड प्रजाति के बारहमासी आम का पौधा लगा कर  किया। श्री कौशल ने पृथ्वी दिवस पर पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए हिंडाल्को के सीएसआर की टीम की सराहना की। 
उन्होंने कहा कि प्रकृति से हमें सिर्फ लेने नहीं कुछ देने की परंपरा को विकसित करने की जरूरत है। मानवीय भूल के कारण बड़े पैमाने पर वनों को समाप्त कर दिया गया जिसका परिणाम यह है कि पूरा पर्यावरण प्रदुषित हो गया जिसके कारण आज तापमान लगातार बढ़ रहा है और सुखाड़ अकाल की विभीषिका झेलना पड़ रहा है। इससे बचने केलिय हम सभी को पर्यावरण धर्म के आठ मूल मंत्र अपनाने होंगे । अपने घरों में होने वाले उत्सवों को यादगार बनाने के लिए पौधारोपण कर उसे बचाने का संकल्प लेने की जरूरत है। पर्यावरण धर्म गुरु कौशल ने कहा कि वे 1967 से लगातार पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरुकता कार्यक्रम के साथ पौधारोपण एवं वितरण करते आ रहे हैं। उनके इस उल्लेखनीय कार्यों को आइसीएससी एवं सीबीएसई पाठ्यक्रम में पढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कार्यक्रम का समापन वृक्षों पर रक्षाबंधन कर किया। 
प्रभारी वनपाल राजु रजक ने कहा कि आने वाले कल की खुशहाली के लिए सभी को पौधरोपण करना होगा।
पंचायती राज पदाधिकारी मनोज मिश्रा ने लोगों से पौधा लगाने के साथ साथ अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की। सीएसआर हेड शोभा रानी मोहंती ने कहा कि जब तक सामूहिक भागीदारी नहीं होगी तब तक पर्यावरण का संरक्षण नहीं कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि आज प्लास्टिक के प्रयोग से सबसे ज्यादा प्रदुषण फैल रहा है। प्लास्टिक मानव जीवन के लिए जहर के समान है। इसलिए प्लास्टिक का प्रयोग नहीं करने का संकल्प लेने की जरूरत है। मौके पर  हिंडाल्को  के दीपनारायण सिंह, विद्यालय के प्रधानाध्यापक अशोक पाठक, अरुण तिवारी, ब्रजेश सिंह, सुहानी कुमारी, अनीता भगत, रेणु देवी,अंजय मेहता, सहित कई लोग मौजूद थे।
Tags:

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)